Wednesday, October 22, 2014

दीप जला दो आँगन-आँगन

दीप जला दो आँगन-आँगन
जगमग नव प्रकाश हो पावन
दीप जला दो, आँगन-आँगन
ये प्रकाश के पंख रुपहले
दूर क्षितिज पर जाकर पहले
कर दें अपना यह विज्ञापन
दीप जला दो, आँगन-आँगन
धुंधले पंथ, अँधेरी राहें
पकड़-पकड़ ज्योतिर्मय बाहें
स्वर्ग बना दें, जगत अपावन
दीप जला दो आँगन-आँगन
अँधकार का नष्ट गर्व है
दीप जले हैं, ज्योतिपर्व है
उजला-उजला दामन-दामन
दीप जला दो आँगन-आँगन
मन से मन का दीप जलाएँ
आजीवन जन-जीवन गाएँ
द्वेषभाव का किए विसर्जन
दीप जला दो, आँगन-आँगन
---राममूर्ति सिंह 'अधीर'

Thursday, December 12, 2013

दोनों ओर प्रेम पलता है- मैथिलीशरण गुप्त

"दोनों ओर प्रेम पलता है"
दोनों ओर प्रेम पलता है
सखि पतंग भी जलता है हा दीपक भी जलता है 


सीस हिलाकर दीपक कहता
बंधु वृथा ही तू क्यों दहता
पर पतंग पड़कर ही रहता कितनी विह्वलता है
दोनों ओर प्रेम पलता है 


बचकर हाय पतंग मरे क्या
प्रणय छोड़कर प्राण धरे क्या
जले नही तो मरा करें क्या क्या यह असफलता है
दोनों ओर प्रेम पलता है 


कहता है पतंग मन मारे
तुम महान मैं लघु पर प्यारे
क्या न मरण भी हाथ हमारे शरण किसे छलता है
दोनों ओर प्रेम पलता है 


दीपक के जलने में आली
फिर भी है जीवन की लाली
किन्तु पतंग भाग्य लिपि काली किसका वश चलता है
दोनों ओर प्रेम पलता है 


जगती वणिग्वृत्ति है रखती
उसे चाहती जिससे चखती
काम नही परिणाम निरखती मुझको ही खलता है
दोनों ओर प्रेम पलता है 


--मैथिलीशरण गुप्त

Wednesday, December 11, 2013

पंचवटी - -मैथिलीशरण गुप्त

पंचवटी

चारु चंद्र की चंचल किरणें,
खेल रहीं थीं जल थल में।
स्वच्छ चाँदनी बिछी हुई थी,
अवनि और अम्बर तल में।

पुलक प्रकट करती थी धरती,
हरित तृणों की नोकों से।
मानो झूम रहे हों तरु भी,
मन्द पवन के झोंकों से।

पंचवटी की छाया में है,
सुन्दर पर्ण कुटीर बना।
जिसके बाहर स्वच्छ शिला पर,
धीर वीर निर्भीक मना।

जाग रहा है कौन धनुर्धर,
जब कि भुवन भर सोता है।
भोगी अनुगामी योगी सा,
बना दृष्टिगत होता है।

बना हुआ है प्रहरी जिसका,
उस कुटिया में क्या धन है।
जिसकी सेवा में रत इसका,
तन है, मन है, जीवन है।

-मैथिलीशरण गुप्त

Sunday, October 27, 2013

तेरी यादें !

तेरी यादें अब तलक, साथ मेरे है!
तू नहीं तो क्या हुआ, ये पास मेरे है!

Friday, October 4, 2013

प्यार के गमले में क्यों?

प्यार के गमले में क्यों,
नफरत का बीज बो दिया,

नफरत के पौधे को क्यों,
सींच रहे हो धर्म से,
पनपा रहे क्यों इसे,
अपने बुरे कर्म से,

जाती के बल उसे,
और ऊपर चढाओ,
हिंसा के बल पर उसे,
और ना आगे बढ़ाओ,
बस-
और न डालो इस पर,
भ्रष्ट्राचार का जल,
कही प्यार का गमलान जाये गल,
सूरज कही हमेशा के लिए न जाये ढल,
इस से तो अच्छा है इसे उखाड़ फेंको,
और कही प्यार और अमन का पौधा देखो !!!

Friday, August 23, 2013

जब याद का किस्सा खोलूं तो, कुछ लोग बहुत याद आते है!!!

जब याद का किस्सा खोलूं तो,
कुछ लोग बहुत याद आते है,
मैं गुज़रे पल को सोचु तो,
कुछ लोग बहुत याद आते है!

अब जाने कौन सी नगरी में,
आबाद है जाकर मुद्दत से,
मैं देर रात तक जागु तो,
कुछ लोग बहुत याद आते है!

कुछ बाते थी फूलों जैसी,
कुछ लहजे थे खुसबू जैसे,
मैं सारे चमन में टहलू  तो,
कुछ लोग बहुत याद आते है!

वो पल भर की नाराजगियां,
और मान भी जाना पल भर में,
अब खुद से भी रूठू तो,
कुछ लोग बहुत याद आते है!!!

-अज्ञात

Jab yaad ka kissa kholu to, Kuch log bahut yaad aate hai!

Jab yaad ka kissa kholu to,
Kuch log bahut yaad aate hai,
Main guzre pal ko sochu to,
Kuch log bahut yaad aate hai!


Ab jane kaun si nagri mein,
Abaad hai jakar muddat se,
Main dair raat tak jaagu to,
Kuch log bahut yaad aate hai!

Kuch baate thi phoolon jaisi,
Kuch lehze the khusboo jaise,
Main saare chaman mein tehlu to,
kuch log bahut yaad aate hai!

Wo pal bhar ki narazgiyaan,
Aur maan bhi jana pal bhar mein,
Ab khud se bhi roothu to,
Kuch log bahut yaad aate hai!!!