Thursday, July 13, 2017

बूढ़ा बचपन

भोले मुख पर छितरे बाल
 उजली आँखें, मैले गाल
झोली में दो पैसे डाल
चल देती वह लघु कंकाल
हाथ जोड़ कर विनती करती
अंधी माँ की विपदा कहती
फिर भी जनता कुछ न देती
कैसे जीवन नैया खेती ?
सोचे, सब कितने अनुदार तभी,
आया एक उदार दिए रूपये दस,
चल दी कार खुश हो बैठी –
किया विचार भूख लगी थी,
थी लाचार उठा लोभ का ऐसा ज्वार
सोचा, जी भर कर खा जाए
झुणका-भाखर और अचार
तभी आ गई माँ की याद
अंधी आँखें चढ़ता ताप
लेकर एक फूलों का हार
चढ़ा किया गणपति के द्वार
करना था माँ का उपचार
लिए हाथ में पेरू चार
सोच रही थी क्या दूँ,
माँ को जिससे फिर न चढ़े बुखार
बचपन उसका छूट गया था
दूर कहीं अम्बर के पार
माँ की चिन्ता घर की चिन्ता
और प्रतिदिन रोटी की चिन्ता
चिन्ताओं का ढेर अपार
नहीं था उनका पारावार
बुढ़ा गई थी उनमें फँस कर
वह नन्हीं बेबस लाचार !!

Wednesday, June 21, 2017

मिलते जुलते रहा करो

धार वक़्त की बड़ी प्रबल है,
इसमें लय से बहा करो,
जीवन कितना क्षणभंगुर है,
मिलते जुलते रहा करो।
यादों की भरपूर पोटली,
क्षणभर में न बिखर जाए,
दोस्तों की अनकही कहानी,
तुम भी थोड़ी कहा करो।
हँसते चेहरों के पीछे भी,
दर्द भरा हो सकता है,
यही सोच मन में रखकर के,
हाथ दोस्त का गहा करो।
सबके अपने-अपने दुःख हैं,
अपनी-अपनी पीड़ा है,
यारों के संग थोड़े से दुःख,
मिलजुल कर के सहा करो।
किसका साथ कहाँ तक होगा,
कौन भला कह सकता है,
मिलने के कुछ नए बहाने,
रचते-बुनते रहा करो।
मिलने जुलने से कुछ यादें,
फिर ताज़ा हो उठती हैं,
इसीलिए यारों नाहक भी,
मिलते जुलते रहा करो।
- कवी अज्ञात

Wednesday, June 14, 2017

तेरी बातों में

आँसू भी बरसते हैं कभी,
जब भीगता हूँ बरसातों में।
मन बहल जाता है यूँ ही,
दुनियादारी की तेरी बातों में।
मतलब से भरा दिल का घड़ा,
दर्द है भार से दिल के हाथों में।
मतलब नहीं समझ सका अब तक,
समझदारी की तेरी बातों में।
वफ़ा की वो मोटी चादर
फटी पड़ी थी बर्फ़ीली रातों में।
अपने ईमान को चुग रहा हूँ,
ईमानदारी की तेरी बातों में।
तोल-मोल कर बिक रहा प्यार,
हिसाब बराबर रखा खातों में।
बिक गए सारे ख़ुशी के पल वो,
दुकानदारी की तेरी बातों में।
दौड़ता, गिरता, फिर रहा हूँ,
ढ़ूँढ़ू तुझे इन आघातों में।
उलझा रहा जाल में शब्दों के,
इधर-उधर की तेरी बातों में।
ख़ुशी के फूल खिलते हर पल,
महके यादों की बारातों में।
ओम की ध्वनि गूँज रही है,
प्यारी प्यारी तेरी बातों में।
"-उत्तम टेकड़ीवाल"

Tuesday, June 6, 2017

कभी-कभी यूँ ही मुस्काना

कभी-कभी यूँ ही मुस्काना मन को भाता है।
पावस के पीले पत्तों को स्वर्ण रंग दे
हार बना निज स्वप्न वर्ण दे
वासंती सा मोह जगाना, मन को भाता है।
कभी-कभी यूँ ही मुस्काना मन को भाता है।
व्यर्थ जूही-दल, मिथ्य वृन्द-कमल
केवल भरमाने को प्रस्तुत रंग-परिमल
इससे तो सुदूर विपिन में गिरे पलाश का मान बढ़ाना, मन को भाता है।
कभी-कभी यूँ ही मुस्काना मन को भाता है।
गर्मी के आतप से जलती जेठ-दुपहर में
एक-एक कर तिनका चुनते, नन्हें से पंछी के संग में
छोटा सा एक नीड़ बनाना, मन को भाता है।
कभी-कभी यूँ ही मुस्काना मन को भाता है।
हैं असीम आशाएँ सबकी, सतरंगी सुख-स्वप्न सभी के
मनुज चाहता स्वार्थ सिद्धि हित, सारे मुक्तक भाग्य निधि के
इससे तो निस्पृह बच्चे की निश्छल इच्छा बन जाना, मन को भाता है।
कभी-कभी यूँ ही मुस्काना मन को भाता है।
जुड़े कई निश्चित से बंधन इस जीवन में
कई हैं अपने रिश्ता-नाते, जग प्रांगण में
किन्तु किसी अंजान पथिक को अपना कहकर स्वयं मिट जाना, मन को भाता है।
कभी-कभी यूँ ही मुस्काना मन को भाता है
-डाॅ. ऋतु पल्लवी

Thursday, June 1, 2017

मेरे मधुवन

मेरे मधुवन
दूर क्षितिज के पीछे से फिर
तुमने मुझको आज पुकारा।
तुमको खो कर भी मैंने
सँजो रखा है प्यार तुम्हारा।

एक सफेद रात की छाया
अंकित है स्मृति में मेरी।
तारों का सिंगार सजाए,
मधुऋतु थी बाहों में मेरी।

संगमरमरी चट्टानों के
बीच बह रही वह जलधारा।
जैसे चंदा के आंचल से
ढुलक रहा हो रूप तुम्हारा।

नदिया की चंचल लहरों संग
मचल मचल कर उठती गिरती।
हम दोनों के अरमानों की
बहती थी कागज़ की किश्ती।

छूकर बिखरे बाल तुम्हारे
मस्त हो गया था बयार भी।
सारी मर्यादाएं भूला
मेरा पहला पहल प्यार भी।

और तुम्हारे अधरों का तो
ताप न भूलेगा जीवन भर।
जब मेरे क्वांरे सपनों ने
उड़ उड़ कर चूमा था अंबर।

तभी अचानक हम दोनों की
राह रोक ली चट्टानों ने।
अपनी कागज की किश्ती को
डूबो दिया कुछ तूफानों ने।

इन मासूम तमन्नाओं पर
तब यथार्थ की बिजली चमकी।
और छलछला उठीं तुम्हारी
आँखों में बूंदें शबनम की।

उस शबनम की एक बूँद अब
मेरी आँखों में रहती है।
मूक व्यथा अनकही कथा की
मेरे गीतों में सजती है।

रूढिवादिता के अंकुश में
युगों युगों से जकड़ा जीवन।
दकियानूसी वैचारिकता
में कुंठित है मानव का मन।

जाने कितनी और किश्तियाँ
डूबी होंगी तूफानों में।
कितनी राहों की आकांक्षा,
टूटी होंगी चट्टानों में ।

नहीं झुकेंगी ये चट्टानें
विनती से या मनुहारों से।
राह नहीं देते हैं पर्वत
खुशामदों से इसरारों से।

पतझर के बंधन में बंधक,
मधुऋतु के कितने सुख सपने।
राह पतझरी, मरुस्थली पर
कोई कली न पाती खिलने।

किन्तु एक दिन तो बरसेगा
आँगन में मनभावन सावन।
पुष्पित और पल्लवित होगा
सुन्दर सुख सपनो का मधुवन।

चलो समय के साथ चलेंगे,
परिवर्तन होगा धरती पर।
नया ज़माना पैदा होगा,
बूढ़ी दुनिया की अरथी पर।

जो कुछ हम पर बीत चुकी है,
उस से मुक्त रहो, ओ नवयुग।
नए नए फूलों से महको,
मेरे मधुवन, जीयो जुग जुग।
                  Dr. Vinod Tewary
  Email : tewary@hotmail.com

प्रकाशित:-"kaavyaalaya.org" 
#Kavya #HindiPoems 

Thursday, May 11, 2017

ऐसी लगती हो


अगर कहो तो आज बता दूँ
मुझको तुम कैसी लगती हो।
मेरी नहीं मगर जाने क्यों,
कुछ कुछ अपनी सी लगती हो।

नील गगन की नील कमलिनी,
नील नयनिनी, नील पंखिनी।
शांत, सौम्य, साकार नीलिमा
नील परी सी सुमुखि, मोहिनी।
एक भावना, एक कामना,
एक कल्पना सी लगती हो।
मुझको तुम ऐसी लगती हो।

तुम हिमगिरि के मानसरोवर
सी, रहस्यमय गहन अपरिमित।
व्यापक विस्तृत वृहत मगर तुम
अपनी सीमाओं में सीमित।
पूर्ण प्रकृति, में पूर्णत्व की
तुम प्रतीक नारी लगती हो।
मुझको तुम ऐसी लगती हो।

तुम #नारी हो, परम सुन्दरी
ललित कलाओं की उद्गम हो।
तुम विशेष हो, स्वयं सरीखी
और नहीं, तुम केवल तुम हो।
क्षिति जल पावक गगन समीरा
रचित रागिनी सी लगती हो।
मुझको तुम ऐसी लगती हो।

कभी कभी चंचल तरंगिनी
सी, सागर पर थिरक थिरक कर
कौतुक से तट को निहारती
इठलाती मुहं उठा उठा कर।
बूँद बूँद, तट की बाहों में
होकर शिथिल, पिघल पड़ती हो।
मुझको तुम ऐसी लगती हो।

सत्यम शिवम् सुन्दरम शाश्वत
का समूर्त भौतिक चित्रण हो।
सर्व व्याप्त हो, परम सूक्ष्म हो,
स्वयं सृजक हो, स्वतः सृजन हो।
परिभाषा से परे, स्वयं तुम
अपनी परिभाषा लगती हो।
मुझको तुम ऐसी लगती हो।

अगर कहो तो आज बता दूँ
मुझको तुम कैसी लगती हो।
सत्य कहूं, संक्षिप्त कहूं तो,
मुझको तुम अच्छी लगती हो।

Monday, May 2, 2016

"कोशिश करने वालों की कभी हार नहीं होती"

लहरों से डर कर नौका पार नहीं होती,
कोशिश करने वालों की कभी हार नहीं होती।
नन्हीं चींटी जब दाना लेकर चलती है,
चढ़ती दीवारों पर, सौ बार फिसलती है।
मन का विश्वास रगों में साहस भरता है,
चढ़कर गिरना, गिरकर चढ़ना न अखरता है।
आख़िर उसकी मेहनत बेकार नहीं होती,
कोशिश करने वालों की कभी हार नहीं होती।

डुबकियां सिंधु में गोताखोर लगाता है,
जा जा कर खाली हाथ लौटकर आता है।
मिलते नहीं सहज ही मोती गहरे पानी में,
बढ़ता दुगना उत्साह इसी हैरानी में।
मुट्ठी उसकी खाली हर बार नहीं होती,
कोशिश करने वालों की कभी हार नहीं होती।

असफलता एक चुनौती है, इसे स्वीकार करो,
क्या कमी रह गई, देखो और सुधार करो।
जब तक न सफल हो, नींद चैन को त्यागो तुम,
संघर्ष का मैदान छोड़ कर मत भागो तुम।
कुछ किये बिना ही जय जय कार नहीं होती,
कोशिश करने वालों की कभी हार नहीं
होती।

----सूर्यकांत त्रिपाठी "निराला"