Monday, May 28, 2018

तन्हाई तेरी यादों की

तन्हाई तेरी यादों की ऐसी छलनी लाती है
देह की माँसलता, आँखें, लब इक इक शय छन जाती है

मेरे दिल के अन्दर अब भी बारिश शोर मचाती है
बाहर देखो जून की गर्मी कितनी आग लगाती है

सर्दी की रातों की बारिश में भी ठंढ नहीं लगती
तुमसे मिलकर अब समझे हम धूप कहाँ रुक जाती है

दूर बहुत परदेस है मेरे दिल का कलेवा कर जाना
सुनते हैं रस्ते में ज़ियादा ही कुछ भूख सताती है

भीड़ बहुत बढती जाती है लेकिन मुझको बतलाओ
एक जगह दिल के कोने में क्यूँ खाली रह जाती है

सांवली नंगी बांह पे बालों के छोटे छोटे रेशे
अंगड़ाई लेते हो तो हर सीवान शोर मचाती है

उस सीने के दो चांदों से जब भी आँचल ढल जाए
आधे चाँद की गोरी बारिश कैसी गोट लगाती है

शह्र का इक इक पर्दा यारो तेज़ हवा में उड़ने लगा
भीगी भीगी छांव कोई उस खिड़की पर मंडराती है

आँखों की कुइयां में शायद अब पानी की बूँद नहीं
बोझल साँसों की हर रस्सी खाली खाली आती है

-शबाब मेरठी

Saturday, May 26, 2018

ये अलग बात है

चाहता हूँ उन्हें ये अलग बात है
वो मिलें ना मिलें ये अलग बात है
एक अहसास से दिल महकने लगा
गुल खिलें ना खिलें ये अलग बात है

एक-दूजे से हम यूँ ही मिलते रहें
ज़िन्दगी भर का नाता बने ना बने
हम समर्पण के सद्भाव से पूर्ण हों
हम में कोई प्रदाता बने न बने
दिल की बातें दिलों तक पहुँचती रहें
लब हिलें ना हिलें ये अलग बात है

उनकी बातों में समिधा की पावन महक
मुस्कुराहट में है यक्ष का अवतरण
ऑंख में झिलमिलाती है दीपक की लौ
अश्रु हैं जैसे पंचामृती आचमन
मेरी श्रध्दा नमन उनको करती रहे
वर मिलें ना मिलें ये अलग बात है

-चिराग़ जैन

Friday, January 19, 2018

हमें हमारी बीवियों से बचाओ

ये पिल पड़ती हैं हम पर जब भी हम दफ़्तर से आते हैं 
हलाकू-ख़ाँ से या चंगेज़-ख़ाँ से इन के नाते हैं 

न उठ कर पंखा झलती हैं न देती हैं हमें पानी 
पसीना अपना हम तो ठंडी आहों से सुखाते हैं 

उन्हें लाज़िम है जब हम आएँ ये झुक कर क़दम छू लें 
मजाज़ी हम ख़ुदा हैं फिर भी उन पर रहम खाते हैं 

उड़ा लेती हैं सब नक़दी तलाशी जेब की ले कर 
हम अपनी ही कमाई उन से डर डर के छुपाते हैं 

कुछ इन्कम-टेक्स ले जाता है कुछ बीवी उड़ाती है 
क़सम अल्लाह की शौहर बहुत दौलत कमाते हैं 

सहेली इन की आ जाए तो समझो ईद है उन की 
बिगड़ जाती हैं जब हम दोस्तों को घर बुलाते हैं 

नहीं जातीं कभी बावर्ची-ख़ाने में ये भूले से 
कमाता है बहुत आक़ा मज़े नौकर उड़ाते हैं 

बहाना कर के दर्द-ए-सर का अक्सर लेट जाती हैं 
न हो नौकर अगर घर में तो हम चाय बनाते हैं 

है उन का काम रोना पान खाना या बिगड़ जाना 
करें क्या बा-दिल ना-ख़्वास्ता उन को मनाते हैं 

ख़ुदाया आज के शौहर हैं या मासूम बच्चे हैं 
ज़रा सा घूर ले बीवी तो झट ये सहम जाते हैं 

ये जब रोती हैं हम अपने कलेजे थाम लेते हैं 
सियाही चूस ले कर उन के आँसू हम सुखाते हैं 

हजामत रोज़ कर देती हैं ये ग़ुस्से की क़ैंची से 
ग़नीमत है कि अपनी शेव तो हम ख़ुद बनाते हैं 

अज़ाँ जब मुर्ग़ देता है समझती हैं ये लोरी है 
उन्हें मुर्ग़े सुलाते हैं, हमें मुर्ग़े जगाते हैं 

चले जाते हैं खा कर रूखी-सूखी अपने दफ़्तर को 
बिचारे मर्द सब रो-रो के अपने दिन बिताते हैं 

ब-रोज़-ए-हश्र जैसे भी हैं शौहर बख़्शे जाएँगे 
सदा जो बीवियों के ज़ुल्म सह कर मुस्कुराते हैं 

कभी आज़ाद थे हम हाए इस क़ैद-ए-ग़ुलामी से 
वो दिन कितने थे अच्छे हाए वो दिन याद आते हैं 

-राजा मेहदी अली ख़ान
😂😂 😂

Saturday, November 25, 2017

कैसी विडंबना है 

कैसी विडंबना है 

जिस दिन ठिठुर रही थी 
कुहरे-भरी नदी, माँ की उदास काया। 
लानी थी गर्म चादर; मैं मेज़पोश लाया। 

कैसा नशा चढ़ा है 
यह आज़ टाइयों पर 
आँखे तरेरती हैं 
अपनी सुराहियों पर 
मन से ना बाँध पाई रिश्तें गुलाब जैसे 
ये राखियाँ बँधी हैं केवल कलाइयों पर 

कैसी विडंबना है 

जिस दिन मुझे पिता ने, 
बैसाखियाँ हटाकर; बेटा कहा, बुलाया। 
मैं अर्थ ढूँढ़ने को तब शब्दकोश लाया। 

तहज़ीब की दवा को 
जो रोग लग गया है 
इंसान तक अभी तो 
दो-चार डग गया है 
जाने किसे-किसे यह अब राख में बदल दे 
जो बर्फ़ को नदी में चंदन सुलग गया है 

कैसी विडंबना है 

इस सभ्यता-शिखर पर 
मन में जमी बरफ़ ने इतना धुँआ उड़ाया। 
लपटें न दी दिखाई; सारा शहर जलाया। 

-कुँअर बेचैन

Saturday, September 16, 2017

बेसन की सोंधी रोटी पर खट्टी चटनी जैसी माँ

बेसन की सोंधी रोटी पर 
खट्टी चटनी जैसी माँ 
याद आती है चौका-बासन 
चिमटा फुकनी जैसी माँ 

बाँस की खुर्री खाट के ऊपर 
हर आहट पर कान धरे 
आधी सोई आधी जागी 
थकी दोपहरी जैसी माँ 

चिड़ियों के चहकार में गूंजे
राधा-मोहन अली-अली 
मुर्ग़े की आवाज़ से खुलती 
घर की कुंडी जैसी माँ 

बिवी, बेटी, बहन, पड़ोसन 
थोड़ी थोड़ी सी सब में 
दिन भर इक रस्सी के ऊपर 
चलती नटनी जैसी माँ 

बाँट के अपना चेहरा, माथा, 
आँखें जाने कहाँ गई 
फटे पुराने इक अलबम में 
चंचल लड़की जैसी माँ

-निदा फ़ाजली

Thursday, September 14, 2017

हिंदी है भारत की बोली

"हिंदी है भारत की बोली"

दो वर्तमान का सत्‍य सरल,
सुंदर भविष्‍य के सपने दो
हिंदी है भारत की बोली
तो अपने आप पनपने दो

यह दुखड़ों का जंजाल नहीं,
लाखों मुखड़ों की भाषा है
थी अमर शहीदों की आशा,
अब जिंदों की अभिलाषा है
मेवा है इसकी सेवा में,
नयनों को कभी न झंपने दो
हिंदी है भारत की बोली
तो अपने आप पनपने दो

क्‍यों काट रहे पर पंछी के,
पहुंची न अभी यह गांवों तक
क्‍यों रखते हो सीमित इसको
तुम सदियों से प्रस्‍तावों तक
औरों की भिक्षा से पहले,
तुम इसे सहारे अपने दो
हिंदी है भारत की बोली
तो अपने आप पनपने दो

श्रृंगार न होगा भाषण से
सत्‍कार न होगा शासन से
यह सरस्‍वती है जनता की
पूजो, उतरो सिंहासन से
इसे शांति में खिलने दो
संघर्ष-काल में तपने दो
हिंदी है भारत की बोली
तो अपने आप पनपने दो

जो युग-युग में रह गए अड़े
मत उन्‍हीं अक्षरों को काटो
यह जंगली झाड़ न, भाषा है,
मत हाथ पांव इसके छांटो
अपनी झोली से कुछ न लुटे
औरों का इसमें खपने दो
हिंदी है भारत की बोली
तो आपने आप पनपने दो

इसमें मस्‍ती पंजाबी की,
गुजराती की है कथा मधुर
रसधार देववाणी की है,
मंजुल बंगला की व्‍यथा मधुर
साहित्‍य फलेगा फूलेगा
पहले पीड़ा से कंपने दो
हिंदी है भारत की बोली
तो आपने आप पनपने दो

नादान नहीं थे हरिश्‍चंद्र,
मतिराम नहीं थे बुद्ध‍िहीन
जो कलम चला कर हिंदी में
रचना करते थे नित नवीन
इस भाषा में हर ‘मीरा’ को
मोहन की माल जपने दो
हिंदी है भारत की बोली
तो अपने आप पनपने दो

प्रतिभा हो तो कुछ सृष्‍ट‍ि करो
सदियों की बनी बिगाड़ो मत
कवि सूर बिहारी तुलसी का
यह बिरुवा नरम उखाड़ो मत
भंडार भरो, जनमन की
हर हलचल पुस्‍तक में छपने दो
हिंदी है भारत की बोली
तो अपने आप पनपने दो

मृदु भावों से हो हृदय भरा
तो गीत कलम से फूटेगा
जिसका घर सूना-सूना हो
वह अक्षर पर ही टूटेगा
अधिकार न छीनो मानस का
वाणी के लिए कलपने दो
हिंदी है भारत की बोली
तो अपने आप पनपने दो

बढ़ने दो इसे सदा आगे
हिंदी जनमत की गंगा है
यह माध्‍यम उस स्‍वाधीन देश का
जिसकी ध्‍वजा तिरंगा है
हों कान पवित्र इसी सुर में
इसमें ही हृदय तड़पने दो
हिंदी है भारत की बोली
तो अपने आप पनपने दो

-गोपाल सिंह नेपाली

Thursday, August 31, 2017

हो गई है पीर पर्वत-सी पिघलनी चाहिए

हो गई है पीर पर्वत-सी पिघलनी चाहिए,
इस हिमालय से कोई गंगा निकलनी चाहिए।

आज यह दीवार, परदों की तरह हिलने लगी,
शर्त लेकिन थी कि ये बुनियाद हिलनी चाहिए।

हर सड़क पर, हर गली में, हर नगर, हर गाँव में,
हाथ लहराते हुए हर लाश चलनी चाहिए।

सिर्फ हंगामा खड़ा करना मेरा मकसद नहीं,
मेरी कोशिश है कि ये सूरत बदलनी चाहिए।

मेरे सीने में नहीं तो तेरे सीने में सही,
हो कहीं भी आग, लेकिन आग जलनी चाहिए।

-दुष्यंत कुमार