- त्रिलोचन |
Wednesday, October 30, 2019
याद रहेगा- त्रिलोचन
Saturday, October 19, 2019
फिर खुशियों के दीप जलाओ
फिर खुशियों के दीप जलाओ
ये प्रकाश का अभिनन्दन है
अंधकार को दूर भगाओ
पहले स्नेह लुटाओ सब पर
फिर खुशियों के दीप जलाओ
शुद्ध करो निज मन मंदिर को
क्रोध-अनल लालच-विष छोडो
परहित पर हो अर्पित जीवन
स्वार्थ मोह बंधन सब तोड़ो
जो आँखों पर पड़ा हुआ है
पहले वो अज्ञान उठाओ
पहले स्नेह लुटाओ सब पर
फिर खुशिओं के दीप जलाओ
जहाँ रौशनी दे न दिखाई
उस पर भी सोचो पल दो पल
वहाँ किसी की आँखों में भी
है आशाओं का शीतल जल
जो जीवन पथ में भटके हैं
उनकी नई राह दिखलाओ
पहले स्नेह लुटाओ सब पर
फिर खुशियों के दीप जलाओ
नवल ज्योति से नव प्रकाश हो
नई सोच हो नई कल्पना
चहुँ दिशी यश, वैभव, सुख बरसे
पूरा हो जाए हर सपना
जिसमे सभी संग दीखते हों
कुछ ऐसे तस्वीर बनाओ
पहले स्नेह लुटाओ सब पर
फिर खुशियों के दीप जलाओ
-अरुण मित्तल ‘अद्भुत’
आओ मिलकर दीप जलाएं- कविता रावत
आओ मिलकर दीप जलाएं
अँधेरा धरा से दूर भगाएं
रह न जाय अँधेरा कहीं घर का कोई सूना कोना
सदा ऐसा कोई दीप जलाते रहना
हर घर -आँगन में रंगोली सजाएं
आओ मिलकर दीप जलाएं.
हर दिन जीते अपनों के लिए
कभी दूसरों के लिए भी जी कर देखें
हर दिन अपने लिए रोशनी तलाशें
एक दिन दीप सा रोशन होकर देखें
दीप सा हरदम उजियारा फैलाएं
आओ मिलकर दीप जलाएं.
भेदभाव, ऊँच -नीच की दीवार ढहाकर
आपस में सब मिलजुल पग बढायें
पर सेवा का संकल्प लेकर मन में
जहाँ से नफरत की दीवार ढहायें
सर्वहित संकल्प का थाल सजाएँ
आओ मिलकर दीप जलाएं
अँधेरा धरा से दूर भगाएं.
– कविता रावत
Friday, September 13, 2019
हिंदी को नमन- ओम प्रकाश नौटियाल
अंकित अक्षित संस्कार हो
मातॄ भू नमन जयकार हों
खुले ज्ञान के सब द्वार हों
निज भाषा से पर प्यार हो
अलंकृत करे हर अंजुमन
श्रद्धा से हिंदी को नमन
अंतरस्थ भाव करे प्रकट
अभिव्यक्ति अंतस के निकट
संभव उसी भाषा में बस
मिट्टी की जिसमें गंध रस
इसी सत्य का हो आचमन
हिंदी को श्रद्धा से नमन
जिस भाषा में अंतरंग से
सुख-दुख सदा छँटे बँटे
निरंतर जिसे भाषित किए
बालपन से बुढ़ापा कटे
उस भाषा का ना हो दमन
हिंदी को श्रद्धा से नमन
जो सशक्त करती देश को
और ध्वस्त करती द्वेष को
नष्टप्राय कर दे पीर को
अपनाए सबके क्लेश को
कष्टों को बाँट करे शमन
हिंदी को श्रद्धा से नमन
पर भाषा एक झेली है
हिंद देश में पहेली है
संस्कृत जनित सब भाषाएँ
बहने हैं चिर सहेली हैं
पूरित हो निज भाषा वरण
हिंदी को श्रद्धा से नमन
Thursday, July 25, 2019
कारगिल की विजय यात्रा- पारिजात भारद्वाज
क्षण बड़ा गंभीर था,
लहू-लुहान शरीर था।
शत्रु से अनजान था,
वो समय बड़ा बलवान था।।
जब धूर्तों ने अपनी चाल चली,
और सारे हदों को पार करी।
कायरों ने अपना भेष बदल,
ले ओट छुपा हमारे घर।।
फिर मिला ‘कालिया’ क्षत-विक्षत,
पहाड़ी पर खून से लथपथ ।
अरि के आँखों में आँखें डाल,
उसने की थी माँ भारती की जयकार।।
अब आरम्भ हो चुका था रण,
और दहलने लगा था शत्रु का मन।
जब गरजा आसमान से ‘नचिकेता’,
तब दुश्मन का हौसला टूटा ।।
बर्फ़ीली पहाड़ियों पर ‘विक्रम’,
दिखा रहा था अपना पराक्रम।
एक-एक असुरों को खोज,
वध कर रहा था ‘मनोज’।।
दुर्गा माता की जयकार,
कर बढ़ रहा था ‘संजय कुमार’।
और जबतक ना हुई साँसें अंत,
तबतक लड़ा वीर ‘विजयंत’।।
द्रास, मश्कोह, तोलोलिंग, टाइगर हिल,
सब पर तिरंगा लहरा रहा था।
विजय पाकर पूरा भारतवर्ष,
फूले नहीं समा रहा था।।
शत्रु भी बड़ा विचित्र था,
स्वार्थी और चरित्रहीन था।
अपने सिपाही के शवों को अस्वीकारा,
बुज़दिल और विवेकविहीन था।।
हमने पूरा सम्मान किया,
सैनिकों सा मान दिया।
यही है अपना संस्कार,
शत्रु से भी उचित व्यवहार।।
सालों बीत चुके हैं अब,
पर याद है हमें वो कुर्बानी।
वीर सपूतों ने त्यागा जब,
मातृभूमि के लिये जवानी।।
- पारिजात भारद्वाज
Monday, July 22, 2019
बचपन पहाड़ का- कविता भट्ट
ए.सी.में बैठ बनती हैं अधिकार-नीतियाँ
चर्चाएँ करती रहती हैं- बड़ी-बड़ी विभूतियाँ ।
बारिश-धूप में पलता है- बचपन पहाड़ का
पढ़ने को कोसों चलता है- बचपन पहाड़ का ।
शहरों में बोझे बस्तों के ही लगते हैं मुश्किल
यहाँ घास-पानी-गोबर भी है- बोझे में शामिल ।
पहाड़ी बर्फ़-सा गलता है- बचपन पहाड़ का
होटलों में बर्तन मलता है- बचपन पहाड़ का ।
इनको जरा निहारो तुम ओ बाबूजी ! करीब से
आँखें मिलाओ ,तो जरा किसी बच्चे गरीब से ।
गिरता है और सँभलता है- बचपन पहाड़ का
बस ठोकरों में ही पलता है- बचपन पहाड़ का।
सरकारें जपती रहती हैं- नित माला विकास की
कोई तो सुध ले पहाड़ी से इस ढलती आस की ।
पहाड़ी सूरज- सा उग-ढलता है बचपन पहाड़ का
पगडंडियों में गुम मिलता है- बचपन पहाड़ का ।
Saturday, July 6, 2019
न होने की गंध - केदारनाथ सिंह
अब कुछ नहीं था
सिर्फ हम लौट रहे थे
इतने सारे लोग सिर झुकाए हुए
चुपचाप लौट रहे थे
उसे नदी को सौंपकर
और नदी अँधेरे में भी
लग रही थी पहले से ज्यादा उदार और अपरंपार
उसके लिए बहना उतना ही सरल था
उतना ही साँवला और परेशान था उसका पानी
और अब हम लौट रहे थे
क्योंकि अब हम खाली थे
सबसे अधिक खाली थे हमारे कंधे
क्योंकि अब हमने नदी का
कर्ज उतार दिया था
न जाने किसके हाथ में एक लालटेन थी
धुँधली-सी
जो चल रही थी आगे-आगे
यों हमें दिख गई बस्ती
यों हम दाखिल हुए फिर से बस्ती में
हमारे आने पर भूँका नहीं
एक भी कुत्ता
क्योंकि कुत्तों को सब मालूम था
उस घर के किवाड़
अब भी खुले थे
कुछ नहीं था सिर्फ रस्म के मुताबिक
चौखट के पास धीमे-धीमे जल रही थी
थोड़ी-सी आग
और उससे कुछ हटकर
रखा था लोहा
हम बारी-बारी
आग के पास गए और लोहे के पास गए
हमने बारी-बारी झुककर
दोनों को छुआ
यों हम हो गए शुद्ध
यों हम लौट आए
जीवितों की लंबी उदास बिरादरी में
कुछ नहीं था
सिर्फ कच्ची दीवारों
और भीगी खपरैलों से
किसी एक के न होने की
गंध आ रही थी
- केदारनाथ सिंह