Showing posts with label जीवन. Show all posts
Showing posts with label जीवन. Show all posts

Monday, April 15, 2019

पागल मन यूँ ही उदास है- मानोशी

पागल मन यूँ ही उदास है,
कितना सुन्दर आसपास है।

काले बादल के पीछे से
झाँक रही इक किरण सुनहरी,
सारे दिन की असह जलन के
बाद गरजती झमझम बदरी,
बरखा की बूंदाबांदी जब
चेहरे पर छींटे बिखराती,
भरी दुपहरी शीश नवा कर
धीरे से संध्या बन जाती,

छोटी-छोटी खुशियों में ही
पलता जीवन का उजास है ।

मन की गलियों शोर मचे जब
उच्चारण बस ओंकार का,
मंदिर में जब साथ झुकें सर,
होता विगलन अहंकार का,
काली मावस भी सज जाती
दीपो के गहनों से दुल्हन,
सुख-दुःख के छोटे पल मिलकर
बन जाता इक पूरा जीवन

जब मिल जाते एक साथ स्वर
मिलती जय तब अनायास है।

बादल का इक छोटा टुकड़ा
कठिन डगर में छाँव बिछा दे,
निर्जन राहो में जब सहसा
कोई आकर हाथ बढ़ा दे,
बिना कहे ही मीत समझ ले
अर्थ हृदय में छुपे भाव का,
हृदयो का बंधन ऐसा हो
जाड़े में जलते अलाव सा,
अपने ही अन्दर सुख होता,
दुःख इच्छाओं का लिबास है।

पागल मन यूं ही उदास है...

-मानोशी

Monday, March 18, 2019

जीवन की आशा

मानव की परिभाषा क्या
अन्तःमन की भाषा क्या
निराशा तो आनी ही है
नहीं तो जीवन की आशा क्या

कुछ भावों के संग्रह से
मानव मन के अनुग्रह से
स्वप्न विघटित होते ही हैं
नहीं तो फिर अभिलाषा क्या

गिरते नहीं तो सँभालते क्या
डरने वाले फिर चलते क्या
तुम ख़ुद ही ख़ुद के परखी हो
सोचो ख़ुद को तराशा क्या

मन में है ये नफ़रत क्यूँ
इंसान की ऐसी फ़ितरत क्यूँ
छोटा सी ही ये जीवन है
उसमें जीना ज़रा सा क्या

- अनुराग सिंह