Showing posts with label लावण्या शाह. Show all posts
Showing posts with label लावण्या शाह. Show all posts

Sunday, November 3, 2019

अनुनय- लावण्या शाह

"अनुनय"

मेरे अधर अधर से छू लेने दो!
     अधर अधर से छू लेने दो!
है बात वही, मधुपाश वही,
     सुरभीसुधारस पी लेने दो!
         अधर अधर से छू लेने दो!
कंवल पंखुरी लाल लजीली,
     है थिरक रही, नई कुसुमसी!
रश्मिनूतन को, सह लेने दो!
          मेरे अधर अधर से छू लेने दो!
तुम जीवन की मदमाती लहर,
          है वही डगर,
डगमग पगभर,
     सुखसुमन-सुधा रस पी लेने दो!
मेरे अधर अधर से छू लेने दो!
     अधर अधर से छू लेने दो!

- लावण्या शाह

Saturday, November 2, 2019

हर बार ज़िंदगी जीत गई - लावण्या शाह

किसने किया किस का इन्तज़ार?

क्या पेड़ ने फल फूल का?
फल ने किया क्या बीज का? 
बीज ने फिर किया पेड़ का ?
हर बार, ज़िंदगी जीत गई!

प्रेमी ने पाई परछाईं,
अपने मस्ताने यौवन की 
पिया की कजरारी आँखों में,
शिशु मुस्कान चमकती सी 
और उस बार भी ज़िंदगी जीत गई!

हर पल परिवर्तित परिदृश्यों मे
उगते रवि के फिर ढलने में, 
चन्दा के चँचल चलने में 
भूपाली के उठते स्पंदन में 
रात, यमन तरंगों में, 
हर बार ज़िंदगी जीत गई!

साधक की विशुद्ध साधना में
तापस की अटल तपस्या में
मौनी की मौन अवस्था में,
नि:सीम की निशब्द क्रियाओं में
मुखरित, हर बार ज़िंदगी जीत गई!

-लावण्या शाह