Friday, July 28, 2017

पतझड़ की पगलाई धूप

भोर भई जो आँखें मींचे,
तकिये को सिरहाने खींचे,
लोट गई इक बार पीठ पर
ले लम्बी जम्हाई धूप,
अनमन सी अलसाई धूप |

पोंछ रात का बिखरा काजल,
सूरज नीचे दबता आँचल,
खींच अलग हो दबे पैर से,
देह-चुनर सरकाई धूप,
यौवन ज्यों सुलगाई धूप |

फुदक-फुदक खेले आँगन भर
खाने-खाने एक पाँव पर,
पत्ती-पत्ती आँख-मिचौली
बचपन सी बौराई धूप,
पतझड़ की पगलाई धूप |

-मानोशी चटर्जी

यादें

उजाले अपनी यादों के हमारे साथ रहने दो, 
न जाने किस गली में ज़िन्दगी की शाम हो जाए!

- बशीर बद्र

वक़्त

पूरे होंगे अपने अरमाँ किस तरह, 
शौक़ बेहद वक़्त है कम क्या करें!

- दाग़ देहलवी

Thursday, July 13, 2017

बूढ़ा बचपन

भोले मुख पर छितरे बाल
 उजली आँखें, मैले गाल
झोली में दो पैसे डाल
चल देती वह लघु कंकाल
हाथ जोड़ कर विनती करती
अंधी माँ की विपदा कहती
फिर भी जनता कुछ न देती
कैसे जीवन नैया खेती ?
सोचे, सब कितने अनुदार तभी,
आया एक उदार दिए रूपये दस,
चल दी कार खुश हो बैठी –
किया विचार भूख लगी थी,
थी लाचार उठा लोभ का ऐसा ज्वार
सोचा, जी भर कर खा जाए
झुणका-भाखर और अचार
तभी आ गई माँ की याद
अंधी आँखें चढ़ता ताप
लेकर एक फूलों का हार
चढ़ा किया गणपति के द्वार
करना था माँ का उपचार
लिए हाथ में पेरू चार
सोच रही थी क्या दूँ,
माँ को जिससे फिर न चढ़े बुखार
बचपन उसका छूट गया था
दूर कहीं अम्बर के पार
माँ की चिन्ता घर की चिन्ता
और प्रतिदिन रोटी की चिन्ता
चिन्ताओं का ढेर अपार
नहीं था उनका पारावार
बुढ़ा गई थी उनमें फँस कर
वह नन्हीं बेबस लाचार !!

Wednesday, June 21, 2017

मिलते जुलते रहा करो

धार वक़्त की बड़ी प्रबल है,
इसमें लय से बहा करो,
जीवन कितना क्षणभंगुर है,
मिलते जुलते रहा करो।
यादों की भरपूर पोटली,
क्षणभर में न बिखर जाए,
दोस्तों की अनकही कहानी,
तुम भी थोड़ी कहा करो।
हँसते चेहरों के पीछे भी,
दर्द भरा हो सकता है,
यही सोच मन में रखकर के,
हाथ दोस्त का गहा करो।
सबके अपने-अपने दुःख हैं,
अपनी-अपनी पीड़ा है,
यारों के संग थोड़े से दुःख,
मिलजुल कर के सहा करो।
किसका साथ कहाँ तक होगा,
कौन भला कह सकता है,
मिलने के कुछ नए बहाने,
रचते-बुनते रहा करो।
मिलने जुलने से कुछ यादें,
फिर ताज़ा हो उठती हैं,
इसीलिए यारों नाहक भी,
मिलते जुलते रहा करो।
- कवी अज्ञात

Wednesday, June 14, 2017

तेरी बातों में

आँसू भी बरसते हैं कभी,
जब भीगता हूँ बरसातों में।
मन बहल जाता है यूँ ही,
दुनियादारी की तेरी बातों में।
मतलब से भरा दिल का घड़ा,
दर्द है भार से दिल के हाथों में।
मतलब नहीं समझ सका अब तक,
समझदारी की तेरी बातों में।
वफ़ा की वो मोटी चादर
फटी पड़ी थी बर्फ़ीली रातों में।
अपने ईमान को चुग रहा हूँ,
ईमानदारी की तेरी बातों में।
तोल-मोल कर बिक रहा प्यार,
हिसाब बराबर रखा खातों में।
बिक गए सारे ख़ुशी के पल वो,
दुकानदारी की तेरी बातों में।
दौड़ता, गिरता, फिर रहा हूँ,
ढ़ूँढ़ू तुझे इन आघातों में।
उलझा रहा जाल में शब्दों के,
इधर-उधर की तेरी बातों में।
ख़ुशी के फूल खिलते हर पल,
महके यादों की बारातों में।
ओम की ध्वनि गूँज रही है,
प्यारी प्यारी तेरी बातों में।
"-उत्तम टेकड़ीवाल"

Tuesday, June 6, 2017

कभी-कभी यूँ ही मुस्काना

कभी-कभी यूँ ही मुस्काना मन को भाता है।
पावस के पीले पत्तों को स्वर्ण रंग दे
हार बना निज स्वप्न वर्ण दे
वासंती सा मोह जगाना, मन को भाता है।
कभी-कभी यूँ ही मुस्काना मन को भाता है।
व्यर्थ जूही-दल, मिथ्य वृन्द-कमल
केवल भरमाने को प्रस्तुत रंग-परिमल
इससे तो सुदूर विपिन में गिरे पलाश का मान बढ़ाना, मन को भाता है।
कभी-कभी यूँ ही मुस्काना मन को भाता है।
गर्मी के आतप से जलती जेठ-दुपहर में
एक-एक कर तिनका चुनते, नन्हें से पंछी के संग में
छोटा सा एक नीड़ बनाना, मन को भाता है।
कभी-कभी यूँ ही मुस्काना मन को भाता है।
हैं असीम आशाएँ सबकी, सतरंगी सुख-स्वप्न सभी के
मनुज चाहता स्वार्थ सिद्धि हित, सारे मुक्तक भाग्य निधि के
इससे तो निस्पृह बच्चे की निश्छल इच्छा बन जाना, मन को भाता है।
कभी-कभी यूँ ही मुस्काना मन को भाता है।
जुड़े कई निश्चित से बंधन इस जीवन में
कई हैं अपने रिश्ता-नाते, जग प्रांगण में
किन्तु किसी अंजान पथिक को अपना कहकर स्वयं मिट जाना, मन को भाता है।
कभी-कभी यूँ ही मुस्काना मन को भाता है
-डाॅ. ऋतु पल्लवी