Showing posts with label शायरी. Show all posts
Showing posts with label शायरी. Show all posts

Monday, January 6, 2020

हथेली पर रखी है क्यों निगाहों में नहीं आती -डॉ० विनय मिश्र

हथेली पर रखी है क्यों निगाहों में नहीं आती
ये कैसी जिंदगी है जो खयालों में नहीं आती


मुझे ही काटकर बहती है इक ऐसी नदी मुझमें
किनारों में भी रहकर जो किनारों तक नहीं आती

ज़माना मान लेता मैं भी मुजरिम हूँ जमाने का
तेरी साज़िश समय पर जो उजालों में नहीं आती

निरंतर ज़हर देने की यहाँ कोशिश तो होती है
खुदा का शुक्र है दुनियां छलावों में नहीं आती

इधर कुछ लोग सोते हैं बिछा फुटपाथ की चादर
उधर बेचैनियाँ हैं नीद रातों में नहीं आती

सवालों के इलाके में मैं अक्सर घूम आता हूँ
मगर हालत सवालों की जवाबों में नहीं आती

सुनाने बैठ जाऊं तो बहुत दिलचस्प है लेकिन
हकीकत लाख कोशिश पर भी बातों में नहीं आती

-
डॉ० विनय मिश्र

वसीम बरेलवी

मुहब्बतों के दिनों की यही ख़राबी हैं,
यह रूठ जाएँ तो फिर लौटकर नहीं आते।

ख़ुशी की आँख में आँसू की भी जगह रखना,
बुरे ज़माने कभी पूछ कर नहीं आते।

-वसीम बरेलवी

Thursday, November 7, 2019

बेक़रारी सी बेक़रारी है

बेक़रारी सी बेक़रारी है
वस्ल है और फ़िराक तारी है

जो गुज़ारी न जा सकी हमसे
हमने वो ज़िन्दगी गुज़ारी है

उस से कहियो के दिल की गलियों में
रात दिन तेरी इन्तेज़ारी है

एक महक सम्त-ए-जाँ से आई थी
मैं ये समझा तेरी सवारी है

हादसों का हिसाब है अपना
वरना हर आन सबकी बारी है

बिन तुम्हारे कभी नहीं आई
क्या मेरी नींद भी तुम्हारी है

निगेहबाँ क्या हुए के लोगों पर
अपना साया भी अब तो भारी है

ख़ुश रहे तू के ज़िन्दगी अपनी
उम्र भर की उम्मीदवारी है

आप में कैसे आऊँ मैं तुझ बिन
साँस जो चल रही है आरी है

हिज्र हो या विसाल हो, कुछ हो
हम हैं और उसकी यादगारी है

- जॉन एलिया

Friday, September 7, 2018

निदा फ़ाज़ली- गजल

दीवार-ओ-दर से उतर के परछाइयाँ बोलती हैं 
कोई नहीं बोलता जब तनहाइयाँ बोलती हैं

परदेस के रास्ते में लुटते कहाँ हैं मुसाफ़िर 
हर पेड़ कहता है क़िस्सा, पुरवाईयाँ बोलती हैं

मौसम कहाँ मानता है तहज़ीब की बन्दिशों को 
जिस्मों से बाहर निकल के, अंगड़ाइयाँ बोलती हैं

सुनने की मोहलत मिले, तो आवाज़ है पतझरों में 
उजड़ी हुई बस्तियों में, आबादियाँ बोलती हैं

-निदा फ़ाज़ली

कैफ़ भोपाली- गजल

दर ओ दीवार पे शक्लें सी बनाने आई
फिर ये बारिश मेरी तन्हाई चुराने आई

ज़िन्दगी बाप की मानिंद सजा देती है
रहम-दिल माँ की तरह मौत बचाने आई

आज कल फिर दिल-ए-बर्बाद की बातें है वही
हम तो समझे थे के कुछ अक्ल ठिकाने आई

दिल में आहट सी हुई रूह में दस्तक गूँजी
किस की खुशबू ये मुझे मेरे सिरहाने आई

मैं ने जब पहले-पहल अपना वतन छोड़ा था
दूर तक मुझ को इक आवाज़ बुलाने आई

तेरी मानिंद तेरी याद भी ज़ालिम निकली
जब भी आई है मेरा दिल ही दुखाने आई

-कैफ़ भोपाली

Thursday, August 3, 2017

शेरो शायरो

हमने इक शाम चरागों से सजा रक्खी है,
शर्त लोगों ने हवाओं से लगा रक्खी है।

-वाली आसी 

Friday, July 28, 2017

यादें

उजाले अपनी यादों के हमारे साथ रहने दो, 
न जाने किस गली में ज़िन्दगी की शाम हो जाए!

- बशीर बद्र

वक़्त

पूरे होंगे अपने अरमाँ किस तरह, 
शौक़ बेहद वक़्त है कम क्या करें!

- दाग़ देहलवी

Friday, May 24, 2013

शेरो शायरी

करो फिर से कोई वादा कभी न फिर बिछड़ने का ! 
तुम्हें क्या फर्क पड़ता है चलो फिर से मुकर जाना !!!
-------------------------------------------------------------------

बेताब से रहते हैं तेरी याद में अक्सर,
शब् भर नहीं सोते तेरी याद में अक्सर!
बेदर्द जमाने का बहाना सा बना के,
हम टूट के रोते हैं तेरी याद में अक्सर!!!

--------------------------------------------------------------------